ओरी सोते समय अपने बेड के पास रखते हैं अपने गुडलक चार्म सलमान खान की तस्वीर
'खतरों के खिलाड़ी 15' में अपने ह्यूमर से एक बार फिर ओरी ने रोहित शेट्टी के साथ अपने दर्शकों को अपना दीवाना बना लिया है। दरअसल शो के दौरान होस्ट रोहित शेट्टी ने ओरी से कहा, “मैंने सुना है कि तुम्हें पेंसिल से डर लगता है।” रोहित शेट्टी की यह बात सुनते ही ओरी ने अपने डर के बारे में बताते हुए कहा, “मुझे डर लगता है कि अगर मैं पेंसिल से लिख रहा हूं और लिखते समय छींक आ गई, तो पेंसिल मेरी नाक के अंदर जाकर दिमाग तक पहुंच सकती है और मेरी मौत हो सकती है।”
ओरी के इस अजीबोगरीब डर को सुनते ही सभी खिलखिलाकर हंस पड़े, लेकिन तभी ओरी को लेकर एक साथी कंटेस्टेंट ने ऐसा खुलासा किया कि उनकी बातचीत ने एक नया मोड़ ले लिया। ओरी की बात पर सवाल उठाते हुए उन्होंने रोहित शेट्टी से कहा, “सर, ये झूठ बोल रहे हैं। ये अपने बेड के पास सबसे बड़े स्टार सलमान खान की तस्वीर रखते हैं। फिर इन्हें पेंसिल से डर कैसे लग सकता है?” यह सुनते ही सभी हैरानी से ओरी की तरफ देखने लगे, तभी ओरी ने बताया कि सलमान खान उनके लिए कितने खास हैं। उन्होंने कहा, “हर घर में और हर ट्रिप पर मैं अपने बेड के पास सलमान खान की तस्वीर रखता हूं। मैं उस तस्वीर पर चश्मा भी लगा देता हूं, जिससे जब मुझे दिखाई न दे तो सबसे पहले अपना चश्मा लगाऊं और उनकी तस्वीर को देखकर अपना दिन शुरू करूं। इससे मुझे गुड लक मिलता है।”
ओरी की यह बात सुनते ही रोहित शेट्टी ने उनसे जब इसकी वजह पूछी, तो ओरी ने बताया कि उनके करियर में सलमान खान का ख़ास योगदान है। ओरी ने कहा, “उन्होंने मुझे मेरा पहला सफल ब्रेक दिया था, इसलिए मैं उनकी तस्वीर हर जगह अपने साथ रखता हूं।”
गौरतलब है कि ओरी का यह खुलासा सलमान खान के प्रति न सिर्फ उनके खास लगाव को दर्शाता है, बल्कि सम्मान भी दिखाता है, जिसे उन्होंने अपने दिल में एक ख़ास जगह दी है।
सलमान खान के प्रति लगाव के इस खुलासे के साथ-साथ सभी को अपने ह्यूमर से अपना दीवाना बना चुके ओरी 'खतरों के खिलाड़ी 15' में भी अपने अनएक्सपेक्टेड डेयरडेविल अवतार से भी अपने दर्शकों को चौंका रहे हैं। अपनी वायरल इंटरनेट पर्सनैलिटी और मजेदार अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले ओरी शो में मुश्किल स्टंट्स का सामना करते नजर आ रहे हैं। एक तरफ जहां उन्हें पेंसिल से डर लगता है, तो वहीं दूसरी तरफ वे खतरनाक स्टंट्स को बेखौफ होकर पूरा कर रहे हैं। अब इनके बीच सलमान खान की तस्वीर का उनके लिए लकी चार्म बनना उनके फैंस को काफी एक्साइट कर रहा है।


