*भारतीय सिनेमा के लिए ऐतिहासिक पहल: इंडियन नेशनल सिने अकैडमी (INCA) बनी पैन-इंडिया संस्थान!*
मुंबई: भारतीय सिनेमा के इतिहास में आज एक महत्वपूर्ण दिन रहा। मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में इंडियन नेशनल सिने अकैडमी (INCA) की आधिकारिक घोषणा की गई। यह संस्था देशभर की सभी फिल्म इंडस्ट्रीज को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से बनाई गई है। INCA का विज़न केवल पुरस्कार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय सिनेमा के लिए एक स्थायी और व्यापक प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा, जो सहयोग, पारदर्शिता, ज्ञान-साझा करने और भाषा, क्षेत्र तथा पेशेवर कौशल के आधार पर न्यायपूर्ण मान्यता को बढ़ावा देगा।
घोषणा समारोह में बॉलीवुड और क्षेत्रीय सिनेमा की कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। रोहित शेट्टी, आनंद एल राय, प्रोसेनजीत चट्टोपाध्याय, दिल राजू, श्रीकांत मोहता, आनंद गांधी, मनोज तिवारी, खुशबू सुंदर, लक्ष्मी मंचु, विष्णु वर्धन इंदुरी, शिबासिश सरकार और सुभोध भावे सहित कई अन्य प्रमुख निर्माता, निर्देशक और कलाकार मौजूद थे। इसके अलावा प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने इस पहल को अपना मुख्य संरक्षक (Chief Patron) घोषित किया।
INCA के संस्थापक विष्णु वर्धन इंदुरी ने कहा, INCA को उद्देश्य, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ बनाया जा रहा है। हमारा लक्ष्य एक ऐसा स्थायी राष्ट्रीय संस्थान स्थापित करना है, जो इंडस्ट्रीज के बीच सहयोग को बढ़ावा दे, उत्कृष्टता का न्यायपूर्ण सम्मान करे और भारतीय सिनेमा के लिए एक सार्वभौमिक टैलेंट डेटाबेस तैयार करे।
प्रोड्यूसर्स गिल्ड के अध्यक्ष शिबासिश सरकार ने कहा, INCA भारतीय भाषाओं और क्षेत्रीय फिल्मों के बीच पारदर्शिता और सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पुरस्कार मंच सभी भाषाओं की फिल्मों को समान रूप से मान्यता देगा और इंडस्ट्री में प्रक्रिया और विश्वसनीयता को बढ़ावा देगा। गिल्ड इस पहल का समर्थन करके गर्व महसूस कर रही है।
INCA केवल पुरस्कार देने की संस्था नहीं है, बल्कि यह भारतीय सिनेमा के लिए एक समग्र राष्ट्रीय पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रही है। इसके तहत वार्षिक सिनेमा कॉन्क्लेव, पारदर्शी पुरस्कार प्रक्रिया और देश की बारह प्रमुख फिल्म इंडस्ट्रीज के कलाकारों, तकनीशियनों और क्रिएटिव प्रोफेशनल्स का सार्वभौमिक डेटाबेस शामिल होगा। इसका उद्देश्य विभिन्न इंडस्ट्रीज और क्षेत्रों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना और भारतीय फिल्म उद्योग को और मजबूत बनाना है।
INCA के पहले संस्करण के पुरस्कार समारोह की घोषणा 9 मार्च को मुंबई में आयोजित करने की गई है, जो भारतीय सिनेमा के लिए एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।
इस पहल से यह स्पष्ट है कि भारतीय सिनेमा अब न केवल मनोरंजन बल्कि पेशेवर और पारदर्शी दृष्टिकोण के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।










