*तन्वी द ग्रेट का गीत ‘सेना की जय’- देश के जांबाजों को समर्पित एक जोशीला गीत*
लिंक:https://youtu.be/yo3_EjuQmrU?si=9nDuVenPMxuCD_JA
अनुपम खेर के दिल के सबसे करीब, फिल्म तन्वी द ग्रेट के ट्रेलर को जबरदस्त सराहना मिल रही है। फिल्म ने अपने नए दमदार गाने ‘सेना की जय’ के रिलीज के साथ और भी रफ़्तार पकड़ ली है, जो भारत की सशस्त्र सेनाओं के साहस और बलिदान को समर्पित एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि है।
इस गाने को और इस पूरी एल्बम को ऑस्कर विजेता एम.एम. कीरवाणी के जन्मदिन के मौके पर रिलीज किया गया है, जो इसे और भी खास बना देता है। कीरवाणी ने ही तन्वी द ग्रेट का संगीत तैयार किया है। फिल्म का संगीत ज़ी म्यूज़िक द्वारा पेश किया गया है।
इस गीत को प्रतिभाशाली शगुन सोढ़ी ने गाया है, इसके बोल मशहूर गीतकार कौसर मुनिर ने लिखे हैं, और इसके संगीत की रचना और संगीतबद्ध ऑस्कर विजेता महान संगीतकार एम.एम. कीरवाणी ने किया है। यह गीत भावनात्मक गहराई को ऐसी ऊर्जा के साथ जोड़ता है जो एक गर्वित, प्रगतिशील भारत की भावना को जीवंत रूप से दर्शाती है।जोशीले सैन्य माहौल की पृष्ठभूमि पर आधारित यह गीत तन्वी की सेना के प्रति आभार भावना को उसके उमंग भरे अंदाज़ में खूबसूरती से दर्शाता है। गाने के दृश्य प्रेरणादायक, देशभक्ति से भरपूर और ऊर्जा से भरे हुए हैं।
गाने के बारे में बात करते हुए एम.एम. कीरवाणी ने कहा, “सेना की जय फिल्म तन्वी द ग्रेट की आत्मा है। यह गीत हमारी उन सभी सशस्त्र सेनाओं को श्रद्धांजलि है जो दिन-रात हमारी हिफाजत करते हैं। यह ऐसा संगीत है जो एक ओर आपको इसकी धुन पर थिरकने के लिए प्रेरित करेगा, वहीं दूसरी ओर आपके दिल को गर्व और सम्मान से भर देगा, यह सचमुच नए भारत की भावना को दर्शाता है।”
अनुपम खेर कहते हैं, “एम.एम. कीरवाणी हमारे समय के सबसे प्रतिभाशाली कलाकारों में से एक हैं। उन्हें जानना मेरे जीवन के सबसे समृद्ध अनुभवों में से एक रहा है। मुझे गर्व है कि हमारी फिल्म का सबसे खास गाना ‘सेना की जय’ उनके जन्मदिन के उपहार के रूप में रिलीज़ कर रहा हूं। यह गीत हमारे वीर जवानों के लिए एक एंथम बनेगा। इसकी धुन इस तरह से रची गई है कि यह एक ऑटिस्टिक दिमाग की अनूठी सोच को दर्शाती है – जो गहराई से जुड़ी हुई, प्रभावशाली और बेहद भावनात्मक है। यह हमारे सैनिकों की भावना और शक्ति को दर्शाता है। यह एक कालजयी श्रद्धांजलि है, जिसकी गूंज हमेशा सुनाई देगी।”
यह फिल्म कई वर्षों बाद अनुपम खेर की निर्देशन में वापसी का प्रतीक है। यह कहानी उनके दिल के सबसे करीब है और अब तक का उनका सबसे व्यक्तिगत और भावनात्मक काम माना जा रहा है।
इस फिल्म में नई अभिनेत्री शुभांगी के साथ जैकी श्रॉफ, अरविंद स्वामी, बोमन ईरानी, पल्लवी जोशी, करण टैकर, नासिर, अनुपम खेर और इयान ग्लेन जैसे दिग्गज कलाकार शामिल हैं।
तन्वी द ग्रेट का निर्माण अनुपम खेर स्टूडियोज ने NFDC के सहयोग से किया है। फिल्म के ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन की ज़िम्मेदारी रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के नेतृत्व वाली एक्सेल एंटरटेनमेंट और अनिल थडानी के नेतृत्व वाली AA फिल्म्स ने संभाली है। तन्वी द ग्रेट 18 जुलाई 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।